हरदोई के बिलग्राम सीएचसी में क्वार्टर में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका, बड़ा हादसा टला

हरदोई। बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक क्वार्टर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे से उठती लपटें बाहर तक दिखाई देने लगीं, जिससे अस्पताल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सीएचसी में तैनात डॉक्टर रविकांत द्वारा ठंड से बचाव के लिए क्वार्टर में हीटर चालू किया था। इसी दौरान किसी कारणवश विद्युत शॉर्ट सर्किट हुआ और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
आग पर काबू पा लिए जाने के बाद अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल इस घटना में हुए नुकसान का आंकलन नहीं किया जा सका है। संबंधित विभाग द्वारा क्षति का आंकलन किया जा रहा है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि जांच के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा अस्पताल परिसर में गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।