जोधपुर रेल मंडल को कार्य दक्षता के लिए जोन में सर्वाधिक सात शील्ड

जोधपुर रेल मंडल को कार्य दक्षता के लिए जोन में सर्वाधिक सात शील्ड

■16 जनवरी को 70 वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह में महाप्रबंधक करेंगे वितरित

■डीआरएम ने किया शाखाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए वर्ष 2025 की कार्य दक्षता शील्ड में जोन स्तर पर सर्वाधिक सात शील्ड देने की घोषणा की गई है। इन शील्डों का वितरण जयपुर में 16 जनवरी को आयोजित होने वाले 70वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ द्वारा किया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल को वर्ष 2025 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कॉमर्शियल शील्ड, बेस्ट गति शक्ति यूनिट शील्ड, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर शील्ड, सिविल इंजीनियर शील्ड, पर्यावरण प्रबंधन एवं स्वच्छता शील्ड (वर्कशॉप), मैकेनिकल (कैरेज एंड वैगन) शील्ड तथा सिग्नल एंड टेलीकॉम शील्ड प्रदान करने की घोषणा की गई है।

शील्ड की घोषणा के उपरांत मंगलवार को जोधपुर मंडल में उत्साह का माहौल रहा। कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागाध्यक्षों को बधाइयां दीं। वहीं मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने संबंधित शाखाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मंडल के शाखाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए डीआरएम ने कहा कि कार्य दक्षता शील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और बेहतर कार्य निष्पादन का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी मंडल अपनी मेहनत और लगन से इससे अधिक उपलब्धियां हासिल करेगा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक विक्रम सिंह सैनी,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(डीजल) राजकुमार शर्मा,वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अरविंद कुमार व सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ)सीपी मिर्धा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

शील्ड की घोषणा पर इन शाखाधिकारियों का हुआ स्वागत

डीआरएम ने विभिन्न शील्डों के लिए संबंधित अधिकारियों का माल्यार्पण एवं बधाई पत्र देकर सम्मान किया। इनमें वाणिज्य शील्ड के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, बेस्ट गति शक्ति यूनिट शील्ड के लिए मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार एवं उप मुख्य इंजीनियर (गति शक्ति) प्रवेन्द्र सिंह, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर शील्ड के लिए वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य एवं कर्षण) नीतीश कुमार, मुकेश कुमार,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर जोगेंद मीणा,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका, विक्रम सिंह बडगुजर व श्रीचंद पूनिया,मैकेनिकल शील्ड के लिए वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) मेजर अमित स्वामी,मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा एवं सिग्नल एंड टेलीकॉम शील्ड के लिए मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर शुभम यादव शामिल हैं।