मुगलसराय सिक्स लेन सड़क निर्माण में घोटाला ! सैकड़ों टन लोहे के गबन का आरोप

चंदौली | डीडीयू नगर से पड़ाव चौराहे तक प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क निर्माण को लेकर मानकों की अनदेखी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। सिक्स लेन सड़क निर्माण के लिए चल रहे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यदायी संस्था और स्थानीय प्रतिनिधियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।

संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने कहा कि सिक्स लेन जैसी भारी यातायात वाली सड़कों के निर्माण में 16 एमएम मोटाई की लोहे की सरिया का प्रयोग अनिवार्य होता है ताकि सड़क धंसने और समय से पहले क्षतिग्रस्त होने से बच सके। लेकिन चंदौली में निर्माणाधीन सिक्स लेन सड़क में इस मानक का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सैकड़ों टन सरिया का उपयोग कागजों में दिखाकर उसका भुगतान निकाल लिया गया है।

उन्होंने बताया कि मानकों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी से सड़क निर्माण की एमबी बुक (मेजरमेंट बुक) उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन बार-बार आग्रह और अनशन के बावजूद विभाग ने न तो एमबी बुक दी और न ही निरीक्षण की अनुमति दी। इससे पूरे मामले में अनियमितता की आशंका और गहराती है।

इस मौके पर विकास प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी संतोष ओझा ने भी दावा किया कि सिक्स लेन सड़क निर्माण में 16 एमएम सरिया का प्रयोग तकनीकी रूप से आवश्यक होता है। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वाराणसी के नटिनियादायी क्षेत्र में कराए गए ऐसे निर्माण में मानकों का पूरी तरह पालन हुआ था।

वहीं अजय यादव गोलू ने इसे बड़े स्तर का भ्रष्टाचार बताया जबकि पिंटू सिंह ने कहा कि इस प्रकरण पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों कार्यदायी संस्था और संबंधित जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक रूप से जवाब देना चाहिए।

अंत में संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने पूरे मामले की मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।