हरदोई में सोते समय युवक की हत्या का खुलासा, मफलर से गला कसकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, गिरवी ट्रैक्टर छुड़ाने का था विवाद

हरदोई। थाना सवायजपुर क्षेत्र में 30 दिसंबर 2025 को हुए युवक की नृशंस हत्या का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना में प्रयुक्त मफलर के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
थाना सवायजपुर क्षेत्र के ग्राम कन्हारी निवासी वादी विपिन कटियार पुत्र स्वर्गीय प्रकाशचंद्र ने 30 दिसंबर को थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके भाई नितिन उर्फ गोविंद की गांव के बाहर खेतों में बने छप्पर में सोते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर थाना सवायजपुर में अपराध संख्या 231/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद थाना सवायजपुर पुलिस के साथ स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम को लगाया गया।
थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्त गौरव सिंह उर्फ भोला सिंह पुत्र शिव किशोर सिंह निवासी ग्राम फतेपुर थाना सवायजपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद मफलर भी बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक नितिन उर्फ गोविंद ने उसके पिता के पास ट्रैक्टर गिरवी रखकर कुछ रुपये लिए थे। बाद में ट्रैक्टर वापस करने और पैसे धीरे-धीरे लौटाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी रंजिश में आरोपी ने रात में खेतों पर जाकर सोते समय नितिन की मफलर से गला कसकर हत्या कर दी।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसके खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।