हरदोई में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, बाएं पैर में गोली लगने से घायल, तमंचा बरामद

हरदोई। जनपद के पिहानी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को एक महिला ने थाना पिहानी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी आठ वर्षीय पुत्री गांव की ही एक लड़की के साथ ग्राम अकोहरा के पास खेत में बथुआ तोड़ने गई थी। उसी दौरान गांव के ही मुनेन्द्र पुत्र रामस्वरूप ने बच्ची के साथ गलत कृत्य किया। इस मामले में थाना पिहानी पर मुकदमा संख्या 04/26 धारा 65(2) बीएनएस एवं 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के तहत नामजद अभियुक्त के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 2 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त जंगल के रास्ते हसैयामऊ मोड़ की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस के रुकने के इशारे पर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि घायल अभियुक्त की पहचान मुनेन्द्र पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम अकोहरा थाना पिहानी के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सीएचसी पिहानी भेजा गया है। अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।