आगरा के सूरसदन सभागार में e-bus जागरूकता डॉक्यूमेंट्री का भव्य प्रदर्शन

सुमित गर्ग,

आगरा।

आगरा के प्रतिष्ठित सूरसदन सभागार में 1 जनवरी 2026 को e-bus नामक जागरूकता डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भव्य प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5 बजे हुआ। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, कलाकार एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। सभी सम्मानित अतिथियों का पटुका एवं माला पहनाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। साथ ही डॉक्यूमेंट्री फिल्म में कार्य करने वाले कलाकारों एवं सहयोगियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस जागरूकता डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्देशन रॉबिन कृष्णा सिंह ने किया है। फिल्म जयपुर में इलेक्ट्रिक बस में लगी आग की घटना से प्रेरित है। फिल्म के माध्यम से इलेक्ट्रिक बसों में यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली आपात स्थितियों, संभावित खतरों तथा सुरक्षा और बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी सरल एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत की गई है, ताकि आमजन ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय सही कदम उठा सकें।

दृष्टि ज्ञान आगरा समिति एवं दृष्टि ज्ञान वंदे संध्या नामक एनजीओ के संस्थापक प्रशान्त कौशिक ने बताया कि यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म समाजसेवी के.के. शर्मा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को देखते हुए इस तरह की जागरूकता पहल समय की आवश्यकता है, जिससे दुर्घटनाओं के दौरान जनहानि को कम किया जा सके।

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी संचालन ऐंकर पूजा अग्निहोत्री ने किया, जबकि आयोजन की प्रोजेक्ट हेड संजीता रहीं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। भजन संध्या, मनमोहक नृत्य एवं कथक नृत्य की प्रस्तुतियों ने जागरूकता के साथ-साथ सांस्कृतिक वातावरण भी तैयार किया।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल एक फिल्म प्रदर्शन तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन को उपयोगी संदेश देना, मनोरंजन के साथ सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी राजेन्द्र बंसल, अंबिकेश पाण्डेय, अनिल ओझा, सुशील मिश्रा, दीपेंद्र रघुवंशी, सिद्धार्थ त्रिपाठी, नीरज गुप्ता, चतुर्भुज तिवारी सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।