प्रेस क्लब मैनपुरी का ऐतिहासिक चुनाव सम्पन्न अर्पित चतुर्वेदी अध्यक्ष, अतुल सक्सेना सचिव निर्वाचित

प्रेस क्लब मैनपुरी का ऐतिहासिक चुनाव सम्पन्न

अर्पित चतुर्वेदी अध्यक्ष, अतुल सक्सेना सचिव निर्वाचित

मैनपुरी। जनपद के पत्रकारिता इतिहास में रविवार का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। प्रेस क्लब मैनपुरी का बहुप्रतीक्षित चुनाव पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी और लोकतांत्रिक माहौल में सम्पन्न हुआ। यह चुनाव न केवल नई कार्यकारिणी के गठन का माध्यम बना, बल्कि मैनपुरी के पत्रकारों की एकता, परिपक्वता और लोकतांत्रिक चेतना का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

चुनाव समिति के अध्यक्ष एडवोकेट संजय त्रिवेदी के कुशल मार्गदर्शन में वरिष्ठ पत्रकार सुबोध मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद झा, वरिष्ठ पत्रकार अजय किशोर, वरिष्ठ पत्रकार सिराज हुसैन सहित समिति के सदस्यों ने पूरी चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्षता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया। मतदान पुलिस लाइन रोड स्थित एस.जे. गार्डन में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसके बाद तत्काल मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अर्पित चतुर्वेदी ने 163 मत प्राप्त कर शानदार और निर्णायक जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी सतेंद्र तिवारी को 18 मत प्राप्त हुए। वहीं सचिव पद के चुनाव में अतुल सक्सेना ने 134 मत हासिल कर आफाक अली खान (42 मत) को बड़े अंतर से पराजित किया।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष अर्पित चतुर्वेदी और सचिव अतुल सक्सेना ने जीत के बाद सभी पत्रकार साथियों, विशेषकर वरिष्ठ पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकारों का अनुभव और मार्गदर्शन ही प्रेस क्लब की वास्तविक शक्ति है, और उसी के आधार पर संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय व सम्मानजनक मंच के रूप में विकसित किया जाएगा।

अध्यक्ष निर्वाचित होने के पश्चात अर्पित चतुर्वेदी का शहर के प्रमुख स्थानों पर पत्रकार साथियों द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने मां शीतला देवी मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लिया और प्रेस की स्वतंत्रता, पत्रकारों के सम्मान व हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।

चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद से ही स्थानीय पत्रकारों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। यह चुनाव मैनपुरी के इतिहास में स्वस्थ, मर्यादित और लोकतांत्रिक पत्रकारिता की मिसाल के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा?जिसकी शुरुआत आज हुई है।