हरदोई में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी-कार समेत चार डंपर सीज, दो आरोपी गिरफ्तार

हरदोई। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना संडीला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से मिट्टी खनन करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन, एक कार और चार डंपरों को सीज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13/14 दिसंबर 2025 की रात्रि थाना संडीला पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महसोना में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना संडीला पुलिस ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
मौके से अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन, एक कार तथा चार डंपरों को कब्जे में लिया गया। पुलिस ने खनन कार्य में संलिप्त दो व्यक्तियों को भी मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकबाल पुत्र सूबेदार निवासी ग्राम हरदासपुर थाना कछौना जनपद हरदोई तथा जहूर पुत्र हजारी निवासी कोंडरा कहचारी थाना कासिमपुर जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जेसीबी, कार और चारों डंपरों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।