दिनदहाड़े महिला से सोने के जेवर लूटकर फरार हुए बदमाश, हरदोई में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, मौसी के लड़के की गोदभराई में जा रही थी

हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। ग्राम रैंगाई निवासी पूजा, पुत्री शिशुपाल गुप्ता, अपनी भाभी अनुराधा पत्नी राहुल गुप्ता के साथ पैदल जेबीगंज में मौसी के लड़के की गोदभराई में जा रही थी। जैसे ही दोनों ग्राम जरौना और रैंगाई के बीच पहुँची, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और कुछ ही पलों में सोने के कीमती जेवर लूट लिए।
पीड़िता पूजा के अनुसार, बदमाश पूरी तरह निडर थे। उन्होंने न केवल अंगूठियाँ और हार छीना, बल्कि पूजा के कानों में पहने सोने के झाले तक जोर से नोच लिए, जिससे उसके कान से खून बहने लगा। लूटे गए जेवरों में पाँच सोने की अंगूठियाँ, सोने के झाले और एक सोने का हार शामिल हैं। वारदात के बाद दोनों महिलाएँ सदमे में सड़क किनारे रोती रहीं। राहगीरों ने उन्हें संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर तो पहुँची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही। न तत्काल पीछा किया गया, न क्षेत्र में नाकेबंदी की गई, जिससे बदमाश आसानी से फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिनों से क्षेत्र में संदिग्ध युवकों की आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन पुलिस गश्त न के बराबर है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि दिनदहाड़े महिला से जेवर लूट लिया जाना साफ दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। ग्रामीणों ने बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने लुटेरों की तलाश में टीमें लगाई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।