हरदोई में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, माधौगंज थाने के दरोगा आकाश रोशवाल 70 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

हरदोई। जनपद के माधौगंज थाने में तैनात दरोगा आकाश रोशवाल को एंटी करप्शन टीम ने 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सोमवार को किए गए एक ट्रैप ऑपरेशन के दौरान हुई, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के अनुसार, दरोगा आकाश रोशवाल एक मुकदमे की विवेचना कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने मामले में एक आरोपी को बचाने और उसके पक्ष में रिपोर्ट लगाने के लिए 70 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित रमीज खान ने यह शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप तैयार किया।
सोमवार को निर्धारित स्थान पर जैसे ही शिकायतकर्ता ने 70 हजार रुपये दरोगा को सौंपे, एंटी करप्शन टीम ने तत्काल दबिश देकर आकाश रोशवाल को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम भी मौके से बरामद कर ली।
इसके बाद आरोपी दरोगा को एंटी करप्शन टीम थाने लेकर पहुंची और विधिक प्रक्रिया पूरी की गई। आकाश रोशवाल के खिलाफ सांडी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एंटी करप्शन टीम के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की शिकायतों पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। इधर, हरदोई पुलिस ने भी थानाध्यक्ष माधौगंज की रिपोर्ट के आधार पर दरोगा आकाश रोशवाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।