विकसित यूपी @2047 के तहत फतेहपुर सीकरी में शुरू हुई डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना, सादाबाद की निजी एजेंसी के सहयोग से नगर पालिका ने किया शुभारंभ।

साजिद उस्मानी/फतेहपुर सीकरी।विकसित यूपी @2047 मिशन के तहत स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर आदर्श नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना का संचालन सादाबाद स्थित निजी एजेंसी के माध्यम से नगर पालिका के सहयोग से किया जाएगा।

इस योजना के तहत क्षेत्र में कार्यरत 8 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व टीम लीडर सपना टैगोर कर रही हैं। सपना टैगोर ने नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक के दौरान प्रस्तुति (प्रजेंटेशन) दी और बताया कि टीम किस प्रकार कस्बे के नागरिकों को गीला और सूखा कूड़ा अलग करने के लिए प्रेरित करेगी।

योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक 3 से 4 वार्ड में एक-एक सुपरवाइज़र नियुक्त किया गया है, जो अपने वार्ड में कूड़ा संग्रहण, निगरानी और जन जागरूकता की जिम्मेदारी संभालेगा।

बैठक में अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम, सभी वार्डों के सभासद एवं नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि यह योजना विकसित यूपी @2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे फतेहपुर सीकरी को एक आदर्श स्वच्छ नगर के रूप में विकसित किया जा सके।

अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि-
"नगर की स्वच्छता अभियान में नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। अगर सभी लोग गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देंगे, तो नगर को पूर्णतः स्वच्छ और विकसित बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा होगा।"