फतेहपुर सीकरी में आरएसएस का शताब्दी वर्ष पथ संचलन, पारंपरिक गणवेश में बैंड की धुन पर गुजरे स्वयंसेवक।

साजिद उस्मानी

फतेहपुर सीकरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। इस अवसर पर सैकड़ों स्वयंसेवक पारंपरिक गणवेश में बैंड की धुन पर कदमताल करते हुए नगर की मुख्य सड़कों से गुजरे।

पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन और संगठन की एकजुटता का परिचय दिया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा और माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना विजयदशमी के दिन 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। इस वर्ष संगठन अपनी शताब्दी वर्षगांठ मना रहा है।

पथ संचलन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।