हरदोई में पुलिस लाइन से निकाली गई तिरंगा रैली, डीएम और एसपी ने किया नेतृत्व, कलेक्ट्रेट में हुआ समापन

हरदोई। ?हर घर तिरंगा? अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन से एक तिरंगा रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और स्वयं इसका नेतृत्व किया।
रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर सिनेमा चौराहा, बड़ा चौराहा, अटल चौक, गांधी भवन होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में रैली के साथ चल रहे वाहन पर देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत गूंजते रहे, जिससे वातावरण में उत्साह और देशप्रेम का संचार हुआ।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारे भीतर देशभक्ति की भावना को और प्रबल करते हैं तथा नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गर्व का भाव जगाते हैं। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बताया कि ?हर घर तिरंगा? अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है।
रैली में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल के जवान और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा थामे और देशभक्ति के नारों के साथ रैली को सफल और यादगार बनाया।
कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर रैली का समापन हुआ, जहां सभी ने मिलकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।