हरदोई में मण्डलायुक्त ने किया ‘पौधारोपण महा अभियान 2025’ का शुभारंभ, थीम "एक पेड़ मां के नाम," बोली- ये पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को हरा भरा वातावरण देने का संकल्प

हरदोई। जिले के कछौना वन रेंज स्थित नगर वन कामीपुर में बुधवार को पौधारोपण महा अभियान 2025 का शुभारंभ मण्डलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने त्रिवेणी वाटिका में पौधा रोपित कर किया। इस वर्ष अभियान की थीम ?एक पेड़ मां के नाम? रखी गई है, जिसे जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि यह केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को हरा-भरा वातावरण देने का एक संकल्प है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को स्वयं पौधे वितरित कर संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।

मंडलायुक्त ने नगर वन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अहम है और स्थानीय लोगों के लिए एक प्राकृतिक स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने नगर वन के कायाकल्प हेतु बजट की कमी पर खंड विकास अधिकारी को मनरेगा और क्षेत्र पंचायत निधि से आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, उप जिलाधिकारी डॉ. अरुणिमा श्रीवास्तव, वन विभाग एसडीओ अर्चना रावत, एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी, नायब तहसीलदार अनुपमा, वन क्षेत्राधिकारी विनय सिंह जादौन सहित प्रशासनिक अधिकारी, ग्राम प्रधान, अधिवक्ता और पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।