हरदोई में निरीक्षण पर पहुंचीं IAS चैत्रा वी, 50 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

हरदोई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हरदोई जनपद की निरीक्षण के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी व आईएएस चैत्रा वी ने शनिवार को जिले में 50 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप उन्हें जनपद हरदोई में जांच अधिकारी के रूप में भ्रमण करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। भ्रमण के दौरान उनका मुख्य फोकस गौशालाओं की स्थिति, 50 करोड़ से अधिक की निर्माण परियोजनाओं की कड़ी जांच तथा 'जल जीवन मिशन' के अंतर्गत ग्रामीण और शहरी योजनाओं के क्रियान्वयन पर है।
चैत्रा वी ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसी क्रम में वह आज हरदोई जनपद में भ्रमण पर आई हैं। संडीला में उन्होंने अर्बन वॉटर सप्लाई की निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कार्य संचालन और फाउंडेशन के लिए निर्धारित समय सीमा तय की गई है और निर्देश दिए गए हैं कि काम समय पर पूरा किया जाए।
एक स्थान पर भूमि की अनुपलब्धता के चलते कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया था, जिस पर एसडीएम व ईओ को निर्देशित किया गया कि भूमि का प्रबंधन तत्काल किया जाए ताकि जलापूर्ति का लाभ समय से जनता को मिल सके।
इसके बाद विकास भवन में जिलाधिकारी अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरूरानी सहित अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। चैत्रा वी 3:30 बजे माधौगंज पहुंचेंगी और वहां भी 50 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगी। तत्पश्चात वह 5 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी।