हरदोई में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने किया पुलिस कार्यालय का शैक्षिक भ्रमण, एसपी ने बढ़ाया हौसला, महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

हरदोई। आर्य कन्या इंटर कॉलेज, हरदोई की छात्राओं ने शुक्रवार को शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत पुलिस कार्यालय का दौरा किया। भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था की जानकारी देना था।

छात्राओं को क्राइम ब्रांच, कंट्रोल रूम, महिला हेल्प डेस्क जैसी शाखाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्होंने पुलिस की भूमिका, आपातकालीन स्थिति में उसके कार्य और आधुनिक तकनीकों के उपयोग के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर देकर उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुलिस अधीक्षक हरदोई, नीरज कुमार जादौन से मुलाकात रही। एसपी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए पुलिस की जिम्मेदारियों, समाज में उसकी भूमिका और नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।

नीरज जादौन ने 112, 1090, 181 और 1098 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। यह शैक्षिक भ्रमण छात्राओं के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित हुई।