10 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था शातिर वारंटी, रेलवे स्टेशन पर लूट में गोलीकांड के आरोपी जीतू गुप्ता को जीआरपी ने दबोचा

कासगंज। कासगंज रेलवे स्टेशन पर वर्ष 2016 में रेल यात्री/सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर जेवरात का थैला और 78 हजार रुपये लूटने के मामले में करीब 10 साल से फरार चल रहे शातिर वारंटी को जीआरपी ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पैतृक संपत्ति बेचकर लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस के अनुसार वह गैंगस्टर एक्ट, पुलिस मुठभेड़, जानलेवा हमला, बलवा, शस्त्र अधिनियम, लूट, चोरी और नकबजनी जैसे मामलों में भी आरोपी रहा है।

जीआरपी कासगंज ने मंगलवार सुबह रेलवे स्टेशन के मैनगेट से लवकुश नगर निवासी करीब 35 वर्षीय जीतू गुप्ता पुत्र सुशील गुप्ता को गिरफ्तार किया। वह वर्ष 2016 से न्यायालय में अनुपस्थित चल रहा था। उसके खिलाफ कासगंज जीआरपी थाने में दर्ज मुकदमे में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार स्थान बदलकर खुद को छिपाता रहा।

पुलिस के मुताबिक जीतू के खिलाफ वर्ष 2016 में कासगंज रेलवे स्टेशन पर रेल यात्री/सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर जेवरात का थैला और 78 हजार रुपये लूटने का मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 22/2016 के तहत धारा 394, 412, 120बी और 341 आईपीसी में कार्रवाई हुई थी। न्यायालय की ओर से कई बार गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया।

जीआरपी पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर सर्विलांस और व्यक्तिगत स्तर पर पतारसी-सुरागरसी की। लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार सुबह 9.20 बजे रेलवे स्टेशन कासगंज के मुख्य गेट से उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार जीतू गुप्ता थाना कोतवाली कासगंज का ए श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 504ए है। उसके खिलाफ जीआरपी कासगंज के अलावा कोतवाली कासगंज में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के रिकॉर्ड में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, पुलिस मुठभेड़, शस्त्र अधिनियम, बलवा, चोरी, नकबजनी और मारपीट समेत करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।

उसके खिलाफ दर्ज मामलों में वर्ष 2016 का पुलिस मुठभेड़ से संबंधित मुकदमा, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम के दो मामले, वर्ष 2018 में बलवा और मारपीट तथा वर्ष 2024 में चोरी, बरामदगी और शस्त्र अधिनियम के मामले शामिल हैं। वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।

जीआरपी पुलिस की इस गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक रेलवे, आगरा ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। गिरफ्तार आरोपी को समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और महिला कांस्टेबल स्वाति, थाना जीआरपी कासगंज शामिल रहे।