हरदोई में 17 और 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अभियान, सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नाम बढ़वाने के लिए भरें फार्म-6

हरदोई। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और मतदाता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिले में 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। मतदाताओं की सहायता के लिए मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक अक्टूबर 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया गया था। प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार हरदोई जिले में कुल 26,22,725 मतदाता हैं। इनमें 14,39,518 पुरुष, 11,83,161 महिला और 46 अन्य मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों पर मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता देने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था रहेगी। यहां फार्म-6 और फार्म-8 सहित आवश्यक प्रपत्र पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। अभियान में नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों के सभासदों और ग्राम प्रधानों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि सूची में नाम नहीं है तो नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 संबंधित बीएलओ के पास जमा करें अथवा निर्वाचन आयोग के पोर्टल [वोटर सर्विस पोर्टल](https://voters.eci.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन करें।
इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय और सभी तहसील कार्यालयों में हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप या पोर्टल पर ?Book a Call With BLO? विकल्प के जरिए भी बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।