हरदोई में ‘मिर्चा राम स्वीट्स’ पर खाद्य विभाग की छापेमारी, गंदगी मिलने पर कारोबार बंद करने के निर्देश, पांच नमूने संग्रहित

हरदोई। खाद्य पदार्थों में मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रतिष्ठित मिठाई एवं स्नैक्स प्रतिष्ठान ?मिर्चा राम स्वीट्स? पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान परिसर में गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां और कई अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से कारोबार बंद करने के निर्देश दिए। जांच के लिए पांच खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी हरदोई के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान फ्रिज के अंदर चूहों की मौजूदगी और कई स्थानों पर फफूंद लगी हुई पाई गई। कच्चा माल गंदगी के बीच बेतरतीब ढंग से रखा मिला। परिसर के फर्श पर कई जगह गंदा पानी भी जमा था।
किचन में भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। तैयार खाद्य पदार्थ खुले में रखे पाए गए। विभागीय टीम ने तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंग के इस्तेमाल की भी बात कही है।
टीम ने जांच के लिए रस मलाई, राजभोग, चमचम, पनीर और खोया के पांच नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग ने बताया कि परिसर में अत्यधिक गंदगी और जनस्वास्थ्य से जुड़े मानकों में कमियां मिलने के कारण कारोबार बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। संचालक को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियमावली, 2011 के तहत निर्धारित स्वच्छता मानकों और शेड्यूल-4 की कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। कमियां दूर होने के बाद ही कारोबार दोबारा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह पटेल और कुमार चित्रसेन मौजूद रहे। विभाग ने भविष्य में भी मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच एवं विधिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।