हरदोई में सुखेता नदी से निकले नाले में दिखा विशालकाय मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत, जिला प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और पकड़वाने की मांग

हरदोई। टोडरपुर विकासखंड व बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के हूंसेपुर करमाया गांव में सुखेता नदी से जुड़े नाले की पुलिया के पास विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सड़क किनारे मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर मगरमच्छ दिखाई दिया, वह गांव का मुख्य रास्ता है। इसी रास्ते से ग्रामीण रोजाना खेतों और अन्य जरूरी कामों के लिए आते-जाते हैं। पुलिया के पास मगरमच्छ देखे जाने के बाद लोगों ने इस रास्ते से गुजरने में सावधानी बरतनी शुरू कर दी है। ग्रामीणों को सबसे अधिक चिंता बच्चों की सुरक्षा को लेकर है। परिजनों ने बच्चों को नाले और पुलिया के आसपास जाने से सख्ती से रोक दिया है।
स्थानीय निवासी मुईद अहमद, गयासुद्दीन खान, राशिद खान, अफरीद खान, हमीद अहमद, वसीम खान, रज़ी खान, अनवार खान, रिज़वान खान आदि लोगों का कहना है कि नाले में पानी होने के कारण मगरमच्छ आसपास के खेतों या रिहायशी इलाके की ओर भी आ सकता है। ऐसे में खेतों में काम करने वाले किसानों और रास्ते से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा होने की आशंका है। मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीण लगातार सतर्कता बरत रहे हैं और नाले के आसपास जाने से बच रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उपयुक्त स्थान पर छोड़े जाने की अपील की है, ताकि ग्रामीणों में बना भय दूर हो सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।