हरदोई में शोभायात्रा देखने निकली 8वीं की छात्रा का नाले में मिला शव, इलाके में हड़कंप, पिता ने तीन युवकों पर लगाया अपहरण और हत्या का आरोप

हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र में शोभायात्रा देखने निकली 14 वर्षीय छात्रा का शव गांव के बाहर बेतवा नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार देर रात हुई घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। किशोरी के पिता ने गांव के तीन युवकों पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, बढ़ेयन खेड़ा मजरा लुमामऊ निवासी किशोरी संडीला के एक निजी स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। सोमवार रात गांव में हनुमान मंदिर के पास कार्यक्रम और शोभायात्रा का आयोजन हो रहा था। किशोरी इसे देखने के लिए घर से निकली थी। रात करीब 11 बजे तक उसके कार्यक्रम में मौजूद होने की बात सामने आई। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान गांव से करीब 400 मीटर दूर बेतवा नाले के पास किशोरी का शव मिला। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोरी के पिता ने गांव के अर्जुन और उसके दो साथियों पर बेटी को अगवा करने के बाद दुष्कर्म और हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अर्जुन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना से परिवार में मातम पसरा है।