हरदोई में बिट्टू शॉपिंग मॉल में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा

हरदोई। बिलग्राम नगर में स्थित बिट्टू शॉपिंग मॉल में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगते ही मॉल के अंदर रखा सामान धू-धूकर जलने लगा। कुछ ही देर में पूरे परिसर में धुआं भर गया। आग की लपटे और घना धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि मॉल के अंदर धुएं के अलावा कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। आग बुझाने के बाद भी सुबह दोबारा मॉल से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद दमकल की टीम फिर मौके पर पहुंची और आग के सुलग रहे हिस्सों को बुझाने का प्रयास किया।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आसपास की दुकानों को भी खाली करा दिया, ताकि आग फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि न हो। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग की चपेट में आने से बिट्टू शॉपिंग मॉल में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना में मॉल संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है। हालांकि नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं राजस्व विभाग और दमकल विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अधिकारियों की जांच के बाद आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।