हरदोई में बंदर से टकराई शिक्षक की बाइक, शारदा नहर में जा गिरा, तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर

हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार सहायक अध्यापक शारदा नहर में जा गिरा। हादसा तेंदुआ गांव के पास हुआ। शिक्षक की तलाश में पुलिस, ग्रामीण और स्थानीय गोताखोर रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं। नहर में पानी का बहाव तेज होने से तलाश में दिक्कत आ रही है। हादसे में बाइक से टकराए बंदर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अवनीश पटेल (32) पुत्र शिवपाल सिंह प्राथमिक विद्यालय पैरा कछौना में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह बाइक से विद्यालय जा रहे थे। तेंदुआ गांव के समीप शारदा नहर के किनारे पेड़ पर बैठे एक बंदर ने अचानक बाइक की ओर छलांग लगा दी।
अचानक सामने आए बंदर से बाइक की टक्कर हो गई। इससे शिक्षक घबरा गए और बाइक पर नियंत्रण खो बैठे। अनियंत्रित बाइक पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिसके बाद शिक्षक बाइक समेत नहर में जा गिरे। टक्कर में बंदर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नहर में शिक्षक की तलाश शुरू कराई। तेज बहाव के कारण शिक्षक के बह जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर शिक्षक के परिजन और विद्यालय स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और राहत-बचाव टीम संभावित स्थानों पर लगातार शिक्षक की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और शिक्षक की बरामदगी का इंतजार किया जा रहा है।