हरदोई में पत्रकार पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला, कई राउंड फायरिंग का आरोप, भागकर बचाई जान

हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक पत्रकार पर जानलेवा हमला करने और कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। घटना के बाद से पत्रकार और उसका परिवार दहशत में है।
थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर, मजरा अलीशाबाद निवासी पत्रकार आदिल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आयरी निवासी रवि, एनडी उर्फ निजामू निवासी असिगवां थाना कोतवाली देहात, अब्बास निवासी झबरा पुरवा तथा अनमोल निवासी भेलखेड़ा थाना टड़ियावां से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि पूर्व में भी उस पर हमला किया जा चुका है, जिसकी रिपोर्ट कोतवाली देहात में दर्ज है।
पीड़ित के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह कार से हरदोई जा रहा था। हेतमपुरवा और इटौली तिराहे के बीच पहुंचते ही पहले से घात लगाए आरोपियों ने अपने साथियों के साथ उसकी कार के सामने वाहन लगाकर रास्ता रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचों से कई राउंड फायरिंग कर दी।
पत्रकार ने किसी तरह सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बचाया और मौके से निकल गया। आरोप है कि हमलावरों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा भी किया। किसी तरह जान बचाकर वह पुलिस चौकी भड़ायल पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पीड़ित ने आरोपियों से लगातार खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।