हरदोई में दिवंगत शिक्षिका शाहीन बानो के परिवार से मिले अजय राय, जताई संवेदना, मामले में बीईओ पर मानसिक प्रताड़ना और अभद्रता के है आरोप

हरदोई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने हरदोई पहुंचकर दिवंगत शिक्षिका शाहीन बानो के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने संडीला के कैंपवेल रोड स्थित उनके आवास पर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी और घटना पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता अंशू अवस्थी भी मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने शाहीन बानो के परिवार की मुलाकात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से कराई। परिजनों ने शिक्षिका के साथ हुई घटना और उनकी मौत से जुड़े मामले की जानकारी अजय राय को दी।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, शाहीन बानो के साथ बीईओ द्वारा मानसिक दबाव बनाने, प्रताड़ित करने और अभद्रता किए जाने के आरोप हैं। इस घटनाक्रम के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ। कुछ दिन बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अजय राय ने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी लेते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
वहीं, कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। बीएसए प्रभात मिश्रा ने पहले ही शिक्षिका की मौत के मामले में बीईओ को मुख्यालय से सम्बद्ध कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस एवं संबंधित विभाग की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।