हरदोई में तीन दरोगा और एक फॉलोअर निलंबित, लापरवाही पर एसपी की सख्त कार्रवाई, पुलिस महकमें में मचा हड़कंप

हरदोई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने और विभागीय निर्देशों की अवहेलना के मामलों में तीन उपनिरीक्षकों और एक फॉलोअर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
थाना बेहटा गोकुल में तैनात उपनिरीक्षक मोहित कुमार पर सरकारी कार्य में रुचि न लेने और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने का आरोप है। एसपी ने इसे कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए उन्हें निलंबित किया है।
थाना कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक सभा नारायण सिंह के विरुद्ध जनपद बाराबंकी और एटा में अभियोग पंजीकृत होने, विभिन्न व्यक्तियों द्वारा धनराशि हड़पने संबंधी शिकायतें प्राप्त होने तथा बिना अवकाश अथवा सूचना के अनुपस्थित रहने के मामले सामने आए थे। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।
इसी तरह थाना शाहाबाद में तैनात उपनिरीक्षक दृगपाल सिंह गौर पर सरकारी कार्य में रुचि न लेने, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने, उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना करने और आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप हैं। एसपी ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वहीं थाना सुरसा में तैनात फॉलोअर शुभम गंगवार पर कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरतने और शराब के नशे में आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। उन्हें भी निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है।
एसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कर्तव्यों के प्रति उदासीनता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।