हरदोई में डिलीवरी के समय छह महीने पुरानी निकली ग्रैंड विटारा, ग्राहक ने शोरूम पर लगाए गंभीर आरोप, खर्च सहित धनराशि वापस करने की मांग

हरदोई। शहर स्थित नेक्सा शोरूम में कार खरीदने पहुंचे ग्राहक ने डिलीवरी के समय छह महीने पुरानी और डेंट लगी गाड़ी दिए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित राजीव गुप्ता ने शोरूम को लीगल नोटिस भेजकर जमा धनराशि खर्च सहित वापस करने और कार्रवाई की मांग की है।
प्रेम सिटी धियर महोलिया शिवपार निवासी पीड़िता श्वेता गुप्ता के मुताबिक, उन्होंने काफी समय तक कार तलाशने के बाद शोरूम से ग्रैंड विटारा पसंद की थी। बैंक के माध्यम से पूरी धनराशि जमा कराने के साथ उनके पति ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद भी दिए थे। कार की डिलीवरी के लिए पूजा-पाठ और अन्य तैयारियां भी पूरी कर ली गई थी। यहां तक कि चार हजार रुपये की माला पहनाकर डिलीवरी की रस्म भी हो चुकी थी।
श्वेता का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान जब गाड़ी देखी तो उसमें डेंट मिला। बाद में फॉर्म-21 देखने पर पता चला कि कार मई महीने की है, जबकि उन्हें अक्टूबर के अंत में दी जा रही थी। यानी गाड़ी करीब छह महीने पुरानी थी। इस पर उन्होंने कार लेने से इनकार कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, शोरूम की ओर से बाद में दो अन्य गाड़ियां दिखाकर उनमें से एक चुनने को कहा गया, लेकिन उन्होंने गाड़ी के बजाय अपनी पूरी रकम वापस मांगी। उनका कहना है कि इस घटना से परिवार को मानसिक परेशानी हुई और मोहल्ले में भी उन्हें शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। उन्होंने शोरूम कर्मचारियों पर धक्कामुक्की और अभद्रता का आरोप भी लगाया है।
पीड़ित राजीव गुप्ता ने जमा रकम के साथ अतिरिक्त मुआवजे की मांग करते हुए कानूनी नोटिस भेजा है। उनका कहना है कि मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए।