हरदोई में छात्र से मारपीट का वीडियो वायरल, छह छात्रों पर पिटाई और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पिता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आरआर इंटर कॉलेज में दसवीं के एक छात्र की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्र एक अन्य छात्र को बेल्ट और लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। घटना को लेकर पीड़ित छात्र के पिता ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के पिता आदित्य विक्रम सिंह के मुताबिक, उनका बेटा शांतनु सिंह आरआर इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। आरोप है कि कॉलेज के छह छात्रों ने गैंग बनाकर उनके बेटे को बेल्ट, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से काफी देर तक पीटा। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
आदित्य विक्रम सिंह ने बताया कि मारपीट करने वाले छात्र आएदिन किसी न किसी के साथ मारपीट करते रहते हैं। उन्होंने मामले की शिकायत कॉलेज के प्रधानाचार्य से की, लेकिन वहां से भी कोई राहत नहीं मिली। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने की बात कही।
पीड़ित पिता ने बताया कि उन्हें फरमान, साहिल गाजी और लव कुमार के नाम की जानकारी है, जबकि दो अन्य छात्रों की पहचान नहीं हो सकी है। आरोप है कि घटना का वीडियो साहिल ने बनाया और बाद में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल कर दिया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।