हरदोई में कांग्रेस की नंगे पैर गांधीवादी पदयात्रा, एसपी और डीआईओएस को सौंपे ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

हरदोई। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को गांधी प्रतिमा, तिकुनिया पार्क से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक नंगे पैर गांधीवादी पदयात्रा निकाली गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ?रघुपति राघव राजा राम? भजन गाते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। पदयात्रा के बाद पुलिस अधीक्षक और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर दो मामलों में कार्रवाई की मांग की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह, डॉ. राजीव सिंह और पूर्व एमएलसी अवध कुमार सिंह बागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर पार्टी के बैनर, प्रतीकों और राहुल गांधी के चित्र पर कालिख लगाकर अपमानित किया गया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी दर्ज करने, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और फोटो-वीडियो व सोशल मीडिया सामग्री की जांच कराने की मांग की गई।
वहीं, बाल विद्या भवन विद्यालय परिसर में कथित राजनीतिक गतिविधि आयोजित किए जाने के मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर मांगपत्र सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम की अनुमति, विद्यालय प्रबंधन की भूमिका और नियमों के पालन की जांच कराने की मांग की।
विक्रम पांडे ने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा में विश्वास करती है। इसी कारण शांतिपूर्ण पदयात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया गया है। अनुपम दीक्षित ने कहा कि दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को तीन से पांच दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। पदयात्रा में मोहन सिंह, ज्ञान प्रकाश पाल, राम बहरी एडवोकेट, अजीत सिंह चंदेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।