हरदोई के हसनापुर में पीडीए जन पंचायत, रामज्ञान गुप्ता ने उठाए शिक्षा, रोजगार और संविधान के मुद्दे, बोले- जनता 2027 के चुनाव का इंतज़ार कर रही

हरदोई। सदर विधानसभा क्षेत्र के गांव हसनापुर में मुकेश वर्मा के आवास पर समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर पीडीए जन पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है। 
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि देश में एक राष्ट्र, एक चुनाव की चर्चा हो रही है, जबकि जरूरत एक राष्ट्र, एक शिक्षा व्यवस्था की है, जिसमें किसान, मजदूर और अधिकारी के बच्चे समान रूप से शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में छात्र, नौजवान, किसान, बेरोजगार और व्यापारी परेशान हैं। महिलाओं के साथ अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि संविधान ही पीडीए के भविष्य का विधान है और देश को बेहतर बनाने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत रखने की शक्ति संविधान में है। उन्होंने ?जय जवान, जय किसान, जय संविधान? का नारा देते हुए कहा कि देश संविधान से चलेगा। उन्होंने कहा कि जनता 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है और चुनाव में जनता सरकार के कामकाज का फैसला करेगी।
कार्यक्रम के आयोजक मुकेश वर्मा के अलावा धर्मेंद्र यादव दीपू, श्याम गुप्ता, विकास त्रिपाठी, असलम गाजी, आशीष यादव, दिनेश शर्मा, आकाश वर्मा, मेवाराम वर्मा, रवि वर्मा, बेचेलाल वर्मा, राजेश वर्मा, शैलेंद्र वर्मा, गुड्डू वर्मा, रामसागर वर्मा, जागेश्वर वर्मा, दिनेश वर्मा और मुंशीलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व ग्रामीण मौजूद रहे।