हरदोई के बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी, विधायक पर साधा निशाना, बोले- क्षेत्र के लोग पूछ रहे कि उनकी मौजूदगी कब होगी

हरदोई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने विधानसभा संडीला के बाढ़ प्रभावित कटका क्षेत्र का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने भटपुर, कटका-कटकी, देवरी, तुलसीपुर, कूड़ा, भंभुआ, महीठा समेत आसपास के 30 से अधिक गांवों में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और अपर जिलाधिकारी से वार्ता कर प्रभावित लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। अपर जिलाधिकारी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अंशू अवस्थी ने कहा कि करीब 10 दिनों से कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। घरों के भीतर पानी भरा है और लोगों की गृहस्थी प्रभावित हुई है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग परेशान हैं तथा कई परिवार पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संकट की इस घड़ी में स्थानीय विधायक की अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि विधायक की जिम्मेदारी केवल उद्घाटन और फीता काटने तक सीमित नहीं है। जब बड़ी आबादी आपदा जैसी स्थिति में फंसी हो तो जनप्रतिनिधि को मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए और प्रशासन के समक्ष उनकी आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने कहा, लोग बाढ़ से परेशान हैं, विधायिका जी कहां हैं? क्षेत्र के लोग पूछ रहे हैं कि दस दिन से पानी में डूबे इलाके में उनकी मौजूदगी कब होगी।? अवस्थी ने कहा कि यह राजनीति का नहीं, संकट में जनता के साथ खड़े होने का समय है।
उन्होंने कहा, लोगों की समस्या को दूर करना मेरी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सागर रावत, वसीम अंसारी, रितेश मिश्रा, अमित मौर्य, आमिर खान, रामनरेश अर्कवंशी, राहुल पासी और रजनीश कुमार मौजूद रहे।