हजारों बहनों ने बांधी राखी, हसीब खान ने साड़ी भेंटकर निभाया भाई का फर्ज

उतरौला(बलरामपुर)अनिल कुमार गुप्ता।रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उतरौला विधानसभा क्षेत्र के रेहरा बाजार अंतर्गत तिर्मोहानिया ग्राम सभा में भव्य रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी व कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता हसीब खान ने क्षेत्र की बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं से राखी बंधवाई और उनका मुंह मीठा कराया। इस दौरान उन्होंने रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप उपस्थित बहनों को साड़ियां भी वितरित कीं।

कार्यक्रम में सुबह से ही आसपास के गांवों से महिलाओं और ग्रामीणों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी के चलते आयोजन स्थल पर उत्सवी माहौल बना रहा। बहनों ने हसीब खान की कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद हसीब खान ने महिलाओं को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर हसीब खान ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र, आत्मीय और निस्वार्थ प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उतरौला क्षेत्र की हजारों बहनों ने जिस स्नेह और विश्वास के साथ उन्हें राखी बांधी और आशीर्वाद दिया, वह उनके लिए अमूल्य है। उन्होंने कहा कि बहनों के मान-सम्मान और सुरक्षा के लिए वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का यह आयोजन केवल त्योहार मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एवं पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाने का माध्यम भी है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की। तिर्मोहानिया ग्राम सभा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं। राखी बांधने, मिठाई खिलाने और साड़ी वितरण के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर लंबे समय तक महिलाओं की भीड़ बनी रही। आयोजन समिति के अनुसार, यह रक्षाबंधन समारोह लगातार तीन दिनों तक विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में आयोजित किया जाएगा। अगले दो दिनों में विभिन्न गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक बहनों को रक्षाबंधन के अवसर पर उपहार एवं सम्मान प्रदान करने की योजना है। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं के साथ आत्मीय संबंध मजबूत करना और रक्षाबंधन के माध्यम से भाई-बहन के स्नेह, सम्मान एवं सामाजिक सौहार्द की भावना को आगे बढ़ाना है। समारोह के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी आयोजन की सराहना की और बड़ी संख्या में सहभागिता की।