सेवा संकल्प अभियान के तहत पशु शिविर आयोजित

देवरिया। शासन के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे "सेवा संकल्प अभियान" के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद के निर्देश पर जनपद के सभी विकास खंडों में पशु चिकित्सा, टीकाकरण और जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं।इसी क्रम में वृहस्पतिवार को विकास खंड बैतालपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत हड़ही नदोलवा में एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी के नेतृत्व शिविर में लगभग 100 गोवंशीय एवं अन्य पशुओं का टीकाकरण किया गया तथा पशुपालकों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस दौरान पशुओं में फैल रही लम्पी स्किन डिजीज को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।शिविर में मौजूद पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव ने पशुपालकों को लम्पी बीमारी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण, पशुशाला की नियमित साफ-सफाई, मच्छर-मक्खी व किलनी से बचाव और संक्रमित पशु को अलग रखने की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि किसी भी पशु में गांठ या बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें।शिविर में पशुपालकों ने अपने पशुओं की जांच कराई और विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।शिविर को सफल बनाने में सुभाष चंद्र, राजकुमार यादव एवं दुष्यंत तिवारी सहित कई स्थानीय पशुपालकों ने सक्रिय सहयोग किया।