सियालदह स्टेशन पर 7 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द

कोलकाता। सियालदह स्टेशन पर ट्रैक एवं अवसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य के चलते 5 और 6 सितंबर की मध्यरात्रि को 7 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 6 सितंबर को रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक रहेगा। इस दौरान सियालदह स्टेशन की डाउन मेन लाइन पर प्वाइंट संख्या 208ए/209बी का पूर्ण रूप से कन्वर्जन किया जाएगा।

कार्य के दौरान पुराने 52 किलोग्राम डीएसएस को 60 किलोग्राम डीएसएस में बदला जाएगा। इसके साथ क्रॉसिंग, फिटिंग्स और ग्लूड जॉइंट समेत अन्य जरूरी कार्य भी किए जाएंगे। यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए काम सप्ताहांत की देर रात और सुबह के शुरुआती समय में रखा गया है।

कई उपनगरीय ट्रेनें रहेंगी रद्द

ट्रैफिक ब्लॉक के कारण 6 सितंबर को सियालदह से हाबरा, कल्याणी सीमांत, डानकुनी, रानाघाट, बारासात और दत्तपुकुर समेत विभिन्न मार्गों की कई उपनगरीय ट्रेन सेवाएं रद्द रहेंगी। कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों पर ही समाप्त किया जाएगा।

इसके अलावा 5 सितंबर को लालगोला-सियालदह ट्रेन संख्या 53172 को दुमदुम जंक्शन पर शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा। इसके बाद खाली रेक को सियालदह लाया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक सियालदह राजीव सक्सेना ने बताया कि कार्य को सुरक्षित और निर्धारित समय में पूरा करने के लिए परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग और वाणिज्यिक विभागों की टीमें तैनात की गई हैं। यात्रियों को बदलावों की जानकारी देने के लिए स्टेशन पर लगातार उद्घोषणा और सूचना प्रदर्शन की व्यवस्था भी की गई है।

रेल प्रशासन के अनुसार, प्वाइंट कन्वर्जन का यह कार्य ट्रैक प्रणाली को मजबूत करने के साथ ट्रेन परिचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और सुचारु संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यात्रियों से अपील की गई है कि 6 सितंबर को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।