सियालदह मंडल ने सोनारपुर हेल्थ यूनिट तक बढ़ाई टेलीमेडिसिन सुविधा

कोलकाता। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोनारपुर हेल्थ यूनिट में टेलीमेडिसिन सुविधा शुरू की है। अब यहां आने वाले मरीज टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से बी.आर. सिंह अस्पताल, सियालदह के विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श ले सकेंगे।

सोनारपुर हेल्थ यूनिट में टेलीमेडिसिन सुविधा का शुभारंभ पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. नटराज बसप्पा, सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना, बी.आर. सिंह अस्पताल के एमडी डॉ. देबाशीष गुहा और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना मंडल की मौजूदगी में किया गया।

टेलीमेडिसिन सेवा के विस्तार के साथ नैहाटी और घोलसापुर हेल्थ यूनिट भी इस सुविधा से जुड़ गए हैं। इससे पहले राणाघाट, बारासात और बहरमपुर हेल्थ यूनिट में टेलीमेडिसिन सेवा उपलब्ध थी। इस सुविधा से दूरदराज के हेल्थ यूनिट में आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए अस्पताल तक जाने की जरूरत कम होगी।

इस अवसर पर सोनारपुर हेल्थ यूनिट में बहु-विशेषज्ञता स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें रेलवे कर्मचारियों और लाभार्थियों की नेत्र, दंत एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई और विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया।

मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार कर्मचारियों और लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को आसान और सुलभ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से मरीजों को सुविधाजनक तरीके से विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श मिल सकेगा।