सत्य साईं बाबा के 101वें जन्मोत्सव पर 13 ट्रेनों का मार्ग बदला, प्रशांति निलयम स्टेशन पर मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

प्रयागराज। भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 101वें जन्मोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। दक्षिण पश्चिम रेलवे में आयोजित होने वाले जन्मोत्सव को देखते हुए 13 ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। इन ट्रेनों को पेनुकोंडा-श्री सत्य साईं प्रशांति निलयम-धर्मावरम मार्ग से संचालित किया जाएगा। साथ ही श्री सत्य साईं प्रशांति निलयम स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया जाएगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार गोरखपुर, यशवंतपुर, लखनऊ, सहरसा, प्रयागराज, कोयंबटूर, हजरत निजामुद्दीन और ग्वालियर सहित विभिन्न शहरों के बीच चलने वाली ट्रेनों को इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।

इनमें गाड़ी संख्या 15023 गोरखपुर-यशवंतपुर, 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर, 22683 यशवंतपुर-लखनऊ, 06581 यशवंतपुर-सहरसा, 06582 सहरसा-यशवंतपुर, 04150 यशवंतपुर-प्रयागराज, 12592 यशवंतपुर-गोरखपुर, 12591 गोरखपुर-यशवंतपुर, 12647 कोयंबटूर-हजरत निजामुद्दीन, 12648 हजरत निजामुद्दीन-कोयंबटूर, 11086 ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु और 22533 गोरखपुर-यशवंतपुर शामिल हैं।

इनके अलावा गाड़ी संख्या 11085 एसएमवीटी बेंगलुरु-ग्वालियर को भी श्री सत्य साईं प्रशांति निलयम स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार अलग-अलग तिथियों में ट्रेनों का ठहराव निर्धारित किया गया है। अधिकांश ट्रेनों को 2 मिनट का ठहराव दिया जाएगा, जबकि गाड़ी संख्या 11085 का ठहराव 4 मिनट रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा एनटीईएस ऐप के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति और परिवर्तित मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।