शिक्षा अदालत के जरिए स्कूली बच्चों को रेल सुरक्षा का पाठ, ट्रैक से दूर रहने की दी सीख

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से रेल सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मकरंदपुर-बदायूं रेलखंड के दो प्राथमिक विद्यालयों में ?शिक्षा अदालत? के माध्यम से स्कूली बच्चों को रेल सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में संरक्षा सलाहकारों ने बच्चों को रेलवे ट्रैक से जुड़ी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों से अपील की गई कि वे रेलवे ट्रैक को कभी भी अनधिकृत स्थान से पार न करें और केवल अधिकृत रेलवे फाटक या निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करें।

बच्चों को बताया गया कि रेलवे फाटक बंद होने पर गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए किसी भी तरह का दबाव नहीं बनाना चाहिए। इसके साथ ही रेलवे फाटक, ट्रैक और विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। रेलवे लाइन के आसपास पशुओं को न चराने और ट्रैक के नजदीक पतंग न उड़ाने के प्रति भी जागरूक किया गया।

विद्युतीकृत रेलखंडों में ओएचई मास्ट और विद्युत उपकरणों से दूर रहने की विशेष हिदायत दी गई। बच्चों को समझाया गया कि रेलवे ट्रैक खेल का मैदान नहीं है और छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

रेलवे अधिकारियों ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रेल व्यवहार के प्रति जागरूक करें। इस दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों के बीच रेल सुरक्षा संबंधी संदेशों वाले हैंडबिल और पोस्टर भी वितरित किए गए।