शासकीय उचित मूल्य दुकान जर्जर, लाखों के राशन पर खराब होने का खतरा

बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले में सोसाइटी गली स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का भवन जर्जर हालत में पहुंच गया है। भवन की स्थिति ऐसी है कि यह कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है। वहीं दुकान के अंदर लाखों रुपये का चावल, शक्कर और नमक सहित अन्य खाद्यान्न का भंडारण किया गया है।जर्जर भवन के कारण बारिश एवं नमी से खाद्यान्न खराब होने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में बड़ी मात्रा में शासकीय राशन के खराब होने से शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है।स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से जर्जर भवन का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने तथा खाद्यान्न को सुरक्षित स्थान पर रखने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है।