शारदीय नवरात्रि मेले को लेकर विंध्याचल स्टेशन पर तैयारियां तेज, अपर मंडल रेल प्रबंधक ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

प्रयागराज। आगामी शारदीय नवरात्रि मेले को देखते हुए प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने बुधवार को विंध्याचल स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले विंध्याचल मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और यात्रियों के आवागमन वाले क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और स्टेशन पर सभी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, यात्री मार्गदर्शन, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता की भी जांच की गई। पेयजल के नमूनों में अवशिष्ट क्लोरीन की जांच संतोषजनक पाई गई। इसके अलावा बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण के लिए पेयजल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर में लगातार स्वच्छता बनाए रखने, पेयजल की नियमित जांच करने तथा मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।

इसके बाद अपर मंडल रेल प्रबंधक ने मिर्जापुर स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने यात्री सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान के तहत स्टेशन पर चल रहे साफ-सफाई कार्यों की भी समीक्षा की।

इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने स्वच्छता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छ स्टेशन और स्वच्छ भारत के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता को लगातार बढ़ावा देने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मेला अवधि में व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी