लुधियाना से कोलकाता तक रेल मार्ग से भेजे गए पर्सिमोन फल

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की ओर से माल यातायात बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत रेलवे को नया यातायात प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में 19 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 13152 कोलकाता एक्सप्रेस में पहली बार लुधियाना रेलवे स्टेशन से पर्सिमोन फलों की आउटवर्ड लोडिंग सफलतापूर्वक की गई।

लुधियाना से कोलकाता के लिए पर्सिमोन फलों के 128 पैकेट, कुल 3,180 किलोग्राम माल की रेल मार्ग से ढुलाई की गई। रेलवे के अनुसार, इससे व्यापारियों को अपने उत्पाद को लंबी दूरी तक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पहुंचाने के लिए रेल परिवहन का विकल्प मिला है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करा रही है। मंडल की ओर से माल यातायात बढ़ाने के साथ पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।