लुधियाना-फिरोजपुर और लुधियाना-धुरी रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य से रेल यातायात प्रभावित, 12 ट्रेनें रद्द और 3 का बदला मार्ग

जयपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर एवं अंबाला मंडलों में लुधियाना-फिरोजपुर कैंट और लुधियाना-धुरी रेलखंडों के बीच रेल लाइनों के दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस कार्य का असर उत्तर पश्चिम रेलवे की कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं पर भी पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने कुल 12 रेल सेवाओं को अलग-अलग तिथियों में रद्द करने तथा 3 रेल सेवाओं को परिवर्तित मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार दोहरीकरण कार्य के चलते यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

ये 12 रेल सेवाएं रहेंगी रद्द

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 54603 हिसार-लुधियाना रेलसेवा 21 नवंबर से 24 नवंबर 2026, 14 और 15 दिसंबर 2026 तथा 28 दिसंबर 2026 से 8 जनवरी 2027 तक कुल 18 फेरे रद्द रहेगी।

गाड़ी संख्या 54604 लुधियाना-चूरू रेलसेवा 21 नवंबर 2026 से 8 जनवरी 2027 तक कुल 49 फेरे रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 54605 चूरू-लुधियाना रेलसेवा 22 नवंबर 2026 से 9 जनवरी 2027 तक कुल 49 फेरे रद्द रहेगी।

गाड़ी संख्या 54606 लुधियाना-हिसार रेलसेवा 22 से 25 नवंबर 2026, 15 और 16 दिसंबर 2026 तथा 29 दिसंबर 2026 से 9 जनवरी 2027 तक कुल 18 फेरे रद्द रहेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 54636 लुधियाना-हिसार और गाड़ी संख्या 54635 हिसार-लुधियाना रेलसेवाएं 22 से 24 नवंबर 2026, 15 दिसंबर 2026 तथा 29 दिसंबर 2026 से 8 जनवरी 2027 तक कुल 15-15 फेरे रद्द रहेंगी।

गाड़ी संख्या 54634 लुधियाना-भिवानी रेलसेवा 28 दिसंबर 2026 से 9 जनवरी 2027 तक कुल 13 फेरे रद्द रहेगी। गाड़ी संख्या 54631 भिवानी-धुरी, 54632 धुरी-सिरसा और 54633 सिरसा-लुधियाना रेलसेवाएं 29 दिसंबर 2026 से 10 जनवरी 2027 तक कुल 13-13 फेरे रद्द रहेंगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 19027 बांद्रा टर्मिनस-जम्मूतवी रेलसेवा 2 जनवरी 2027 को तथा गाड़ी संख्या 19028 जम्मूतवी-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा 4 जनवरी 2027 को एक-एक फेरा रद्द रहेगी।

तीन रेल सेवाओं के मार्ग में किया गया बदलाव

दोहरीकरण कार्य के चलते तीन रेल सेवाओं को निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 19611 अजमेर-अमृतसर रेलसेवा 31 दिसंबर 2026 और 2 जनवरी 2027 को अजमेर से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग फिरोजपुर कैंट-लोहियां खास-कपूरथला-जालंधर सिटी होकर संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन तलवंडी, मोगा, जगराओं, लुधियाना और फगवाड़ा स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।

गाड़ी संख्या 19612 अमृतसर-अजमेर रेलसेवा 7 जनवरी 2027 को अमृतसर से रवाना होकर जालंधर सिटी-कपूरथला-लोहियां खास-फिरोजपुर कैंट के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस कारण ट्रेन फगवाड़ा, लुधियाना, जगराओं, मोगा और तलवंडी स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 19028 जम्मूतवी-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा 4 जनवरी 2027 को जम्मूतवी से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग हिसार-हांसी-महम-डोभभाली-रोहतक-पानीपत-अंबाला होकर संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन जाखल, संगरूर, धुरी और मलेरकोटला स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी।

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें

रेलवे प्रशासन द्वारा दोहरीकरण एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य को सुरक्षित और सुचारु रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि निर्धारित तिथियों में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, संचालन और परिवर्तित मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।