लालगढ़ स्टेशन को बीकानेर के सेटेलाइट स्टेशन के रूप में किया जा रहा विकसित, महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शुक्रवार को बीकानेर दौरे के दौरान लालगढ़, बीकानेर और देशनोक रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था, यार्ड रीमॉडलिंग और ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने बीकानेर स्टेशन से देशनोक स्टेशन तक रेल मार्ग का फुट प्लेट निरीक्षण भी किया। देशनोक स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग खिड़की, आधुनिक प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, स्टेशन कक्ष, आईपीएस कक्ष, स्टेशन यार्ड और दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बीकानेर स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

बीकानेर स्टेशन पर महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने यार्ड रीमॉडलिंग और ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की। अधिकारियों से इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद परिचालन क्षमता में होने वाली वृद्धि और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली गई।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार सभी कार्य समय पर पूरा करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेल आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

लालगढ़ को सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने पर जोर

बीकानेर के लालगढ़ स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे बीकानेर स्टेशन पर परिचालन का दबाव कम करने और ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के विभागाध्यक्षों, जोधपुर एवं बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधकों सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।