रेल सुरक्षा को लेकर अश्विनी वैष्णव सख्त, तकनीकी और रखरखाव की कमियां मिशन मोड में दूर करने के निर्देश

रेल सुरक्षा को लेकर अश्विनी वैष्णव सख्त, तकनीकी और रखरखाव की कमियां मिशन मोड में दूर करने के निर्देश

घटिया गुणवत्ता की सामग्री देने वाले आपूर्तिकर्ताओं पर होगी कड़ी कार्रवाई, जानबूझकर लापरवाही पर स्थायी ब्लैकलिस्टिंग के निर्देश

नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बोर्ड के सदस्य, विभिन्न जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, महानिदेशक और मंडल रेल प्रबंधक शामिल हुए। रेल मंत्री ने अधिकारियों को रेलवे की सुरक्षा से जुड़ी तकनीकी एवं रखरखाव संबंधी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।

रेल मंत्री ने सिग्नलिंग व्यवस्था में सामने आने वाली तकनीकी कमियों को मिशन मोड में दूर करने पर जोर दिया। साथ ही ओवरहेड उपकरणों के उन कंपोनेंट्स के रखरखाव और समय पर प्रतिस्थापन के निर्देश दिए गए, जिनकी निर्धारित सेवा अवधि पूरी हो चुकी है।

कोच और वैगन के रखरखाव पर विशेष जोर

बैठक में कोचों के रखरखाव, विशेषकर आग से बचाव से जुड़े विद्युत सर्किट और वायरिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। कार्यशालाओं में रखरखाव की गुणवत्ता में सुधार के साथ वैगन और कोच के कपलर तथा पहियों की नियमित जांच और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ट्रैक सुरक्षा को लेकर रेल मंत्री ने प्वाइंट मशीन, टर्नआउट और फास्टनर के उचित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। जिन स्थानों पर फास्टनर की कमी है, वहां उन्हें तत्काल लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

घटिया सामग्री पर सप्लायर होंगे कार्रवाई के घेरे में

सुरक्षा समीक्षा बैठक में निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री की आपूर्ति को लेकर भी रेल मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। सिग्नलिंग एवं दूरसंचार, ओवरहेड उपकरण, ट्रैक, कोच अथवा वैगन से संबंधित सामग्री की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित आपूर्तिकर्ता के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, जानबूझकर की गई लापरवाही के मामलों में संबंधित आपूर्तिकर्ता को स्थायी रूप से ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या घटिया गुणवत्ता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

त्योहारों और मेलों में भीड़ को लेकर पहले से तैयारी

बैठक में आगामी त्योहारों और मेलों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ पर भी चर्चा हुई। रेल मंत्री ने अधिकारियों को जिला और राज्य प्रशासन के साथ समन्वय कर पहले से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि अचानक बढ़ने वाली भीड़ के दौरान यात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

रेल मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रेलवे सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की नियमित निगरानी करते हुए कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुचारु रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।