रेलवे ने कई ट्रेनों को किया निरस्त, उत्कल और राजधानी एक्सप्रेस के बदले रास्ते से होगा संचालन

रेलवे ने कई ट्रेनों को किया निरस्त, उत्कल और राजधानी एक्सप्रेस के बदले रास्ते से होगा संचालन

रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में किया बदलाव

परिचालन संबंधी कारणों और दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में विकास कार्यों के चलते रेल प्रशासन ने कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इसके तहत कुछ ट्रेनों को निरस्त करने के साथ ही कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। इसका असर जनवरी 2027 में रेल यात्रियों की यात्रा पर पड़ेगा।

रेलवे के अनुसार चक्रधरपुर मंडल में धुतरा स्टेशन और एमसीएल ब्लॉक केबिन पर फ्लाईओवर लाइन की कमीशनिंग के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस 25 जनवरी 2027 और ट्रेन संख्या 18310 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस 28 जनवरी 2027 को निरस्त रहेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 18478 योग नगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस 23 से 26 जनवरी और 29 जनवरी 2027 को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन निर्धारित मार्ग के बजाय झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी और अनुगुल होकर कटक पहुंचेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 18477 पुरी-योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस 29 जनवरी 2027 को कटक, अनुगुल, संबलपुर सिटी और झारसुगुड़ा रोड होकर संचालित की जाएगी। ट्रेन संख्या 22805 भुवनेश्वर-आनंद विहार टर्मिनल राजधानी एक्सप्रेस 30 जनवरी 2027 को कटक, भद्रक, हिजली, मिदनापुर और आद्रा होकर गोमो पहुंचेगी।

इसके अतिरिक्त परिचालनिक कारणों से दो आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेनें भी निरस्त की गई हैं। इनमें ट्रेन संख्या 04067 पटना-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 14 नवंबर और ट्रेन संख्या 04079 दरभंगा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 15 नवंबर 2026 को नहीं चलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की अद्यतन स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें।