राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के खिलाड़ियों का सम्मान, 11 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ हुए सम्मानित

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के खिलाड़ियों का सम्मान, 11 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ हुए सम्मानित

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, महाप्रबंधक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

प्रयागराज। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के रेलगांव स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने पिछले एक वर्ष में खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले 11 खिलाड़ियों एवं सहयोगी स्टाफ को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों और खिलाड़ियों द्वारा माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद महाप्रबंधक ने चार किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही गोला फेंक, 100 मीटर दौड़ और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

सम्मान समारोह में रोहित, उपासना सिंह और करिश्मा यादव को हॉकी, भावना गोपलानी और परना पॉल को क्रिकेट, संदीप सिंह को पावर लिफ्टिंग, कोमल कोहार को भारोत्तोलन, भूपेंद्र सिंह को एथलेटिक्स तथा आदित्य सिंह राणा और सिद्धार्थ वर्मा को जिम्नास्टिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं एथलेटिक्स की कोच रागनी गौड़ को भी सम्मान मिला।

इस अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और उनकी उपलब्धियां आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उत्तर मध्य रेलवे के खिलाड़ी भी अपने शानदार प्रदर्शन से रेलवे को गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मानित खिलाड़ियों के साथ अन्य खिलाड़ी भी प्रेरणा लेकर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

क्रॉस कंट्री में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

चार किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ को तीन आयु वर्गों में आयोजित किया गया। 20 वर्ष से कम आयु वर्ग में हार्दिक तिवारी प्रथम, अर्षित जायसवाल द्वितीय और यशराज तृतीय रहे। 20 से 50 वर्ष आयु वर्ग में वाशिष्ठ कुमार ने पहला, मोहम्मद हुसैन ने दूसरा और राजेश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डॉ. अमित मालवीय प्रथम, रविन्द्र प्रसाद द्वितीय और आर.एस.वी. सिंह तृतीय रहे।

गोला फेंक प्रतियोगिता में दिनेश राय प्रथम, दानिश अली द्वितीय और प्रवीण दुबे तृतीय रहे। अधिकारी वर्ग में सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला प्रथम, जबकि प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एस.पी. द्विवेदी और प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।

100 मीटर दौड़ में बच्चों के वर्ग में दिव्यांश राय प्रथम, विहान सिंह द्वितीय और हार्दिक तिवारी तृतीय रहे। अन्य वर्ग में भारत प्रथम, प्रवीण दुबे द्वितीय और मोहम्मद नासिर तृतीय रहे। रस्साकशी में वाणिज्य विभाग की टीम विजेता और रेलवे सुरक्षा बल की टीम उपविजेता रही।

कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। स्वागत संबोधन उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एस.पी. द्विवेदी ने किया। उन्होंने खेल संघ की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। धन्यवाद ज्ञापन महासचिव गौतम जैन ने किया, जबकि संचालन संयुक्त सचिव डॉ. अमित मालवीय ने किया।