राधा स्वामी सत्संग दिवस पर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, ब्यास से फिरोजपुर कैंट के लिए चलेगी विशेष ट्रेन

फिरोजपुर। राधा स्वामी सत्संग दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर मंडल ने विशेष रेल सेवा की सौगात दी है। 30 अगस्त 2026 को ब्यास से फिरोजपुर छावनी के बीच एक विशेष अनारक्षित एकतरफा ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इससे सत्संग में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार विशेष ट्रेन संख्या 04612 ब्यास से दोपहर 12:40 बजे रवाना होकर शाम 5:25 बजे फिरोजपुर छावनी पहुंचेगी। विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को सड़क मार्ग की भीड़ से राहत मिलने के साथ ही सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।

कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

यह विशेष ट्रेन मार्ग में ढिलवां, हमीरा, करतारपुर, सुरानुस्सी, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, फगवाड़ा, फिल्लौर, लुधियाना, जगराओं, मोगा और तलवंडी भाई रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी।

फिरोजपुर मंडल की इस पहल से राधा स्वामी सत्संग दिवस पर बड़ी संख्या में यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुगम यात्रा को प्राथमिकता देते हुए यह विशेष व्यवस्था की है।