राज्य उत्सव की तैयारियों के बीच श्रमिकों की सुरक्षा से खिलवाड़!

बैकुंठपुर।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में आयोजित राज्य उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन स्थल मैदान में टेंट और पंडाल लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। लेकिन इन तैयारियों के बीच टेंट लगाने में जुटे श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं मैदान में टेंट लगाने के दौरान मजदूर ऊंचाई पर चढ़कर लोहे के पाइप और अन्य ढांचे तैयार करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि काम में लगे श्रमिकों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण दिखाई नहीं दे रहे हैं। न तो सिर पर हेलमेट नजर आ रहा है और न ही ऊंचाई पर काम करने के दौरान सुरक्षा बेल्ट जैसे जरूरी संसाधनों का इस्तेमाल होता दिख रहा है। राज्य उत्सव जैसे बड़े आयोजन में प्रशासन द्वारा मंच, पंडाल, विद्युत व्यवस्था और अन्य तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, लेकिन इन कार्यों को पूरा करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ऊंचाई पर काम करते समय थोड़ी सी असावधानी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में सवाल उठता है कि टेंट लगाने का कार्य करा रहे ठेकेदार द्वारा श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध क्यों नहीं कराए गए हैं? क्या संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण कर रहे हैं? आयोजन शुरू होने से पहले प्रशासन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को इस मामले में संज्ञान लेकर श्रमिकों को हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि राज्य उत्सव की तैयारियों के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।