राज्योत्सव में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र, बच्चों को मिल रहा ट्रेन चलाने का अनुभव

राज्योत्सव में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का स्टॉल बना आकर्षण का केंद्र, बच्चों को मिल रहा ट्रेन चलाने का अनुभव

हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़? थीम पर सजा प्रदर्शनी स्टॉल, वीआर गेम, रेलवे क्विज और रायपुर स्टेशन का मॉडल लोगों को कर रहा आकर्षित

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव-2026 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का आकर्षक प्रदर्शनी स्टॉल लोगों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है। 1 से 3 नवंबर तक आयोजित इस आयोजन में रेलवे ने ?हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़? थीम के तहत अपनी उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक, विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को अनूठे अंदाज में प्रदर्शित किया है।

रेलवे के इस स्टॉल में आधुनिक तकनीक के साथ मनोरंजन और जानकारी का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यहां लगाए गए आरएस वॉल्व सिमुलेटर के माध्यम से बच्चे और युवा ट्रेन इंजन चलाने का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, वीआर गेम जोन, रेलवे क्विज और सेल्फी विद इंस्टेंट प्रिंट की सुविधा भी आगंतुकों को खूब आकर्षित कर रही है।

प्रदर्शनी में रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का आकर्षक मॉडल विशेष आकर्षण बना हुआ है। इसके माध्यम से स्टेशन के पुनर्विकास के बाद मिलने वाली आधुनिक सुविधाओं और प्रस्तावित भव्य स्वरूप की झलक दिखाई जा रही है। बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित वॉक-थ्रू फिल्म के जरिए भी आगंतुक स्टेशन के भविष्य के स्वरूप को करीब से देख पा रहे हैं।

स्टॉल में आकर्षक बैकलिट पैनलों के माध्यम से रेलवे की उपलब्धियों, नई रेल लाइन परियोजनाओं, अधोसंरचना विकास और पूर्ण हो चुकी तथा प्रगतिरत परियोजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा रेलवे से संबंधित डिजिटल क्विज में बच्चे और युवा उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। बेहतर अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जा रहा है।

आगंतुकों के लिए वीआर गेम जोन तैयार किया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ में पुनर्विकास का कार्य पूरा कर चुके रेलवे स्टेशनों की आकर्षक पृष्ठभूमि के साथ सेल्फी लेकर तत्काल प्रिंट प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे लोग राज्योत्सव की यादों को अपने साथ ले जा रहे हैं।

रेलवे की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित विशेष फिल्म भी बड़ी स्क्रीन पर दिखाई जा रही है। वहीं, प्रवेश द्वार पर लगी 3डी एनामॉर्फिक स्क्रीन के माध्यम से रेलवे की प्रमुख उपलब्धियों को आधुनिक दृश्य तकनीक में प्रस्तुत किया गया है। स्वागत द्वार के ऊपर लगाया गया वंदे भारत ट्रेन का विशाल कटआउट भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह स्टॉल रेलवे की विकास यात्रा, आधुनिक तकनीक और भविष्य की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन गया है। जानकारी और मनोरंजन के अनूठे संगम के चलते राज्योत्सव में पहुंच रहे बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए यह प्रदर्शनी विशेष आकर्षण बनी हुई है।