राजभाषा पखवाड़े में स्वरचित हिंदी काव्य पाठ और गीत गायन प्रतियोगिता आयोजित

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोनल कार्यालय में आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को स्वरचित हिंदी काव्य पाठ एवं गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रेलवे मुख्यालय के साथ नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी बिजय कुमार के मार्गदर्शन में जोनल रेलवे सभाकक्ष में किया गया। प्रतियोगिता में वरिष्ठ साहित्यकार के.के. पाठक और बिलासा कला मंच, बिलासपुर के वरिष्ठ साहित्यकार महेश श्रीवास ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित हिंदी कविताओं का पाठ किया और सुमधुर गीतों की प्रस्तुतियां देकर अपनी साहित्यिक एवं गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की रचनाओं में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति उत्साह देखने को मिला।

निर्णायक एवं वरिष्ठ साहित्यकार के.के. पाठक ने प्रतिभागियों की रचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि अच्छा साहित्य समाज को प्रभावित करने के साथ उसे सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने सरकारी कामकाज के साथ आम बोलचाल में भी हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रचार-प्रसार देश के हिंदीतर भाषी राज्यों के साथ विदेशों में भी बढ़ रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अपनी गजल भी प्रस्तुत की।

दूसरे निर्णायक महेश श्रीवास ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ किया। उन्होंने प्रतिभागियों को निरंतर काव्य लेखन और प्रस्तुति का अभ्यास करने की सलाह दी, जिससे उनकी साहित्यिक प्रतिभा में और निखार आ सके।

प्रतियोगिता में रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर तथा नगर के केंद्रीय कार्यालयों, निगमों और उपक्रमों से कुल 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों और कर्मचारियों में रचनात्मक अभिरुचि को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।