राजभाषा पखवाड़ा: उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में हिंदी कार्यशाला का आयोजन

प्रयागराज। राजभाषा पखवाड़ा के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, सूबेदारगंज में बुधवार को हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी/भंडार डॉ. गरिमा त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यशाला में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. गरिमा त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यालयों में सभी कार्य हिंदी में करना संवैधानिक और कानूनी दायित्व है। उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे का कार्यालय ?क? क्षेत्र में आता है और यहां कार्यरत कर्मचारी हिंदी में प्रवीणता अथवा कार्यसाधक ज्ञान रखते हैं। ऐसे में हिंदी में कामकाज को बढ़ावा देने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की दिशा में सभी कर्मचारियों को निरंतर प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले दस्तावेजों, विभिन्न प्रकार के पत्राचार और कार्यालयी टिप्पणियों में नियमों के अनुसार हिंदी अथवा हिंदी-अंग्रेजी के द्विभाषी रूप का प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से कार्य व्यवहार में आम जीवन में प्रचलित सरल शब्दों का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आह्वान किया, ताकि अधिकारी, कर्मचारी, यात्री, ग्राहक और आमजन रेलवे की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें और उनका लाभ उठा सकें।

कार्यशाला के दौरान मकरध्वज मौर्य, सहायक निदेशक/राजभाषा, प्रधान आयकर आयुक्त कार्यालय, प्रयागराज तथा प्रकाश चंद्र मिश्र, पूर्व उप निदेशक/राजभाषा, प्रधान आयकर आयुक्त कार्यालय, प्रयागराज ने राजभाषा कार्यान्वयन और राजभाषा नीति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। दोनों वक्ताओं ने कर्मचारियों को राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक कार्यालय के विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय ने किया।

डॉ. शिवम शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी